कछार (असम), 27 अप्रैल । कछार पुलिस ने आईपीएल के जरिए जुआ संचालित होने से जुड़ी एक विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए समीर अजीज नामक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया। उसकी निशानदेही पर टीम ने चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ़्तार किया है। आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, नगदी एवं अन्य सामग्री बरामद की है।
कछार जिला पुलिस अधीक्षक ने साेमवार काे मीडिया के साथ बातचीत के दौरान इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी। गिरफ्तार अन्य चार आरोपितों की पहचान सैबुल हुसैन लस्कर, ज़ाहिर हुसैन लस्कर, रजत कुमार सिंह और आफताब लस्कर के रूप में की गयी है।
जुआरियों के कब्ज़े से बरामद सामग्रियों में नकद राशि 80,230 रुपये, सात एंड्राइड मोबाइल फोन, एक नोटबुक, जिसमें आईपीएल जुए से जुड़े हिसाब-किताब दर्ज थे, चार हिसाब-किताब की शीटें, जो आईपीएल जुए से संबंधित थीं, शामिल हैं।
उपर्युक्त सभी चीज़ों को तय प्रक्रिया के अनुसार विधिवत जब्त कर लिया गया है। आरोपितों को ज़ब्त की गई चीज़ों के साथ आज न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस संबंध में कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर थाने में केस संख्या 387/2026 दर्ज किया गया है।
