कोलकाता, 06 फरवरी । लगातार पश्चिमी हवाओं के कारण बंगाल से समय से पहले विदा होती दिख रही सर्दी एक बार फिर लौटती नजर आ रही है। उत्तर-पश्चिम से ठंडी और शुष्क हवाओं ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है, जिससे राज्य में फिर से हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग द्वारा गुरुवार सुबह जारी उपग्रह चित्रों के अनुसार, देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में फिलहाल किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के संकेत नहीं हैं। ऐसे में ठंडी हवाओं के प्रवेश में कोई बाधा नहीं है।
मौसम विशेषज्ञ रवींद्र गोयनका के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवा ‘दीघा कॉरिडोर’ के रास्ते बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसका सीधा असर गंगा के मैदानी इलाकों पर नहीं पड़ रहा, लेकिन इसके चलते राज्य के पश्चिमी जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी रात का तापमान धीरे-धीरे नीचे जाएगा। शुक्रवार तड़के शहर का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। आने वाले कुछ दिनों में यह घटकर 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
हालांकि, ठंड का यह असर मुख्य रूप से सूर्यास्त के बाद से सुबह तक ही महसूस होगा। दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। अगले चार से पांच दिनों तक दक्षिण बंगाल में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ‘वैलेंटाइन्स डे’ और उससे पहले ‘किस डे’ के दौरान शाम के समय मौसम सुहावना रह सकता है, जबकि सुबह और दोपहर में गर्मी बढ़ेगी। ऐसे में विशेष आयोजनों की योजना शाम के समय बनाना अधिक अनुकूल रहेगा।
फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। उत्तर बंगाल के मौसम में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि वहां भी रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
