चेन्नई, 06 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 फरवरी को पुडुचेरी के कराईकल का दौरा करेंगे। वे सरकारी और पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का अभी पूरा विवरण नहीं साझा किया गया है।
यह जानकारी पुडुचेरी राज्य के भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)के प्रमुख प्रवक्ता एम. अरुलमुरुगन ने शुक्रवार को एक बयान में दी।उन्होंने बताया
कि केंद्रीय मंत्री शाह अपने कार्यक्रमों का पूरा विवरण आने वाले कुछ दिनों में जारी किए जाने की जानकारी दी है।
पुडुचेरी, तमिलनाडु सहित देश के पाँच राज्यों में जल्द ही विधान सभा के चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा शीघ्र ही किए जाने की संभावना है। चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दल गठबंधन वार्ता, सीट बंटवारे सहित विभिन्न चुनावी गतिविधियों में तेजी से जुट गए हैं।
पुडुचेरी में वर्तमान में सत्तारूढ़ आल इंडिया एनआर कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) का गठबंधन आगामी
विधानसभा चुनाव में भी जारी रहने की पुष्टि हो चुकी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पुडुचेरी में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में एक सरकारी समारोह आयोजित करने की योजना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा बनाई जा रही है। इस कार्यक्रम के दौरान कई मेगा परियोजनाओं की घोषणा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 फरवरी को पुडुचेरी का दौरा कर सकते हैं।
एनडीए गठबंधन की मेगा योजनाएँ
इसके अलावा प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व एनडीए की ओर से घोषित की जाने वाली मेगा योजनाओं और उद्घाटन किए जाने वाले विकास कार्यों की सूची को अंतिम रूप देने का काम भी पूरा किया जाएगा। वर्तमान में पुडुचेरी में आल इंडिया एनआर कांग्रेस, भाजपा, अन्नाद्रमुक और पाट्टाली मक्कल काची (पीएमके) शामिल हैं।
एनडीए में सीट बंटवारे पर खींचतान
पिछले विधानसभा चुनाव में गठित यह गठबंधन इस बार भी चुनाव में एक साथ बने रहने की घोषणा कर चुका है। पुडुचेरी में कुल 30 विधान सभा सीटें हैं, लेकिन अब तक आल इंडिया एनआर कांग्रेस और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल दलों के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है। इसके कारण गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बनी हुई है। इसलिए माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले गठबंधन वार्ता और सीट बंटवारे की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
