नई दिल्ली, 06 फ़रवरी। जनकपुरी के जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड के चल रहे काम के दौरान खुदे गड्ढे में गिरकर गुरुवार रात एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पालम निवासी कमल (25) के रूप में हुई है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने युवक की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
मंत्री आशीष सूद ने आज घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी सरकार इस दुख की घड़ी में पीडित परिवार के साथ खड़ी है। घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
मंत्री सूद ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने दिल्ली जलबोर्ड को इस तरह के काम के लिए सभी सावधानियों की जांच करने का निर्देश दिया है। अगर किसी की कोई कमी पाई गई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है, कैसे दुर्घटना हुई । जांच में अगर किसी अधिकारी की कमी पाई गई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
दिल्ली जल बोर्ड ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पोस्ट करते हुए जनकपुरी में जल बोर्ड की पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना के दौरान हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के साथ संवेदना प्रकट करता है। घटना की जांच के लिए समिति गठित की गई है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच जारी है। नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी असुरक्षित कार्यस्थल की सूचना टोल-फ्री नंबर 1916 पर दें।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सड़क पर हुए गड्ढे गिरकर युवक की मौत हो गई। नोएडा की घटना से दिल्ली की भाजपा सरकार ने कुछ नहीं सीखा। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क को जलबोर्ड ने खुदा था। स्थानीय आरडब्ल्यूए ने इस खतरे के बारे में अधिकारियों से कई बार शिकायत की थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी? यह त्रासदी तो होनी ही थी। शिकायतों के बावजूद, इस जानलेवा सड़क को जानमाल के नुकसान से बचाने के लिए ठीक से बैरिकेड नहीं किया गया था।
