पुलिस ने दिल्ली के आरके पुरम में मुठभेड़ के दौरान दाे आरोपितों को पकड़ा | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

पुलिस ने दिल्ली के आरके पुरम में मुठभेड़ के दौरान दाे आरोपितों को पकड़ा

Date : 06-Feb-2026

 नई दिल्ली, 06 फ़रवरी। दिल्ली के आरके पुरम् इलाके में शुक्रवार को हुई मुठभेड़ के दौरान दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने कुख्यात अपराधी संजय शर्मा उर्फ दरिंदा को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने घुटने में गोली लगी, जबकि उसका साथी जग्गल उर्फ जुगल उर्फ जंगाल उर्फ सोनू को भी मौके से दबोच लिया गया। दोनों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और चोरी-सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त के मुताबिक संजय शर्मा उर्फ दरिंदा दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज 100 से अधिक संगीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इनमें लूट, सेंधमारी, घरों में आग लगाने, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। बीते कुछ दिनों से वसंत विहार उप-मंडल क्षेत्र में झपटमारी, चोरी और सेंधमारी की घटनाओं में इजाफा हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए एसीपी वसंत विहार बाबर भान ने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। इसके बाद आरके पुरम थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर रविंदर कुमार त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई सतेंद्र गुलिया, एचसी कुलदीप, हनुमान, सुमेर, संदीप, ओमवीर और कांस्टेबल प्रिंस चार्ल्स, लोकेश, परवीन व अंकित को शामिल किया गया।

टीम ने रात के समय रणनीतिक स्थानों पर नाकेबंदी और गश्त शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि हाल ही में जेल से छूटा कुख्यात बदमाश संजय उर्फ दरिंदा आरके पुरम और आसपास के इलाकों में वारदातों को अंजाम दे रहा है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार सुबह करीब 3:15 बजे पुलिस टीम अफ्रीका एवेन्यू रोड स्थित वेंकटेश्वर मार्ग के टी-प्वाइंट के पास गश्त कर रही थी। तभी गुप्त सूचना मिली कि संजय उर्फ दरिंदा अपने साथी के साथ सेक्टर-3 आरके पुरम में हथियारों के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को आत्मसमर्पण करने को कहा। इस पर दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। एक गोली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार त्यागी और एसआई सत्येंद्र दहिया की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संजय उर्फ दरिंदा के दाहिने घुटने में गोली लगी। इसके बाद दोनों आरोपिताें को काबू कर लिया गया।तलाशी के दौरान संजय उर्फ दरिंदा के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए। वहीं उसके साथी सोनू के पास से सिंगल शॉट पिस्टल और दो खोखे मिले। इसके अलावा एक बैग भी बरामद हुआ, जिसमें चोरी और सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न औजार रखे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संजय उर्फ दरिंदा सितंबर 2025 में जेल से छूटने के बाद अपने साथी सोनू के साथ मिलकर आरके पुरम, सरोजनी नगर समेत अन्य इलाकों में लूट, चोरी और सेंधमारी के 12 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय शर्मा उर्फ दरिंदा ने महज 12 साल की उम्र में पहला अपराध किया था। वह कई बार बाल सुधार गृह से फरार हुआ और धीरे-धीरे एक खतरनाक अपराधी बन गया। वह सरकारी फ्लैटों को निशाना बनाता था और वारदात के दौरान हथियार एवं मिर्च पाउडर का इस्तेमाल करता था। उसके खिलाफ 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement