खाटूश्यामजी मेले में रहेगा अभेद्य सुरक्षा घेरा, छह हजार से अधिक जवान होंगे तैनात | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

Travel & Culture

खाटूश्यामजी मेले में रहेगा अभेद्य सुरक्षा घेरा, छह हजार से अधिक जवान होंगे तैनात

Date : 04-Feb-2026

 सीकर, 04 फ़रवरी । विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मेला इस वर्ष 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मेले के दौरान 6000 से अधिक पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए जाएंगे। एसपी नूनावत के अनुसार अन्य जिलों से 4000 से अधिक पुलिसकर्मी खाटूश्यामजी मेला ड्यूटी में लगाए जाएंगे। इसके अलावा सीकर जिले के सभी 28 थानों से पुलिस जाब्ता और पुलिस लाइन का बल भी मेले में तैनात रहेगा।

एसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1000 होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। वहीं श्याम मंदिर कमेटी की ओर से 1500 से अधिक निजी सुरक्षा गार्ड लगाए जाएंगे। मेला परिसर, लखदातार ग्राउंड और जिगजैग मार्गों के पास इमरजेंसी कॉरिडोर बनाए गए हैं, ताकि किसी भी घायल या बीमार श्रद्धालु को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी जिगजैग मार्गों पर तीन पारियों में अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी।

यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को उन स्थानों पर तैनात किया जाएगा, जहां जाम की संभावना अधिक रहती है।

खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि 21 फरवरी और 22 फरवरी को भीड़ अधिक रहने की संभावना को देखते हुए 20 फरवरी से ही पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से खाटूनगरी की हर सड़क और गली पर नजर रखी जाएगी। श्याम मंदिर कमेटी द्वारा 450 से अधिक सीसीटीवी कैमरे मेला परिसर और प्रमुख मार्गों पर लगाए जा रहे हैं।

रींगस से खाटूश्यामजी, आर मंढ़ा मोड़ से खाटू रोड तक जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराए जा सकें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement