धमतरी, 09 फ़रवरी। शासकीय स्कूल परिसर सेहराडबरी में सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों का वजन त्यौहार उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर की जांच करना और अभिभावकों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे, जिससे आयोजन जीवंत और सार्थक बन गया। कार्यक्रम में द्रुपद बांधे, वेदश्री तिवारी, बिमला केसरी, प्रीति सहित अन्य महिलाएं सक्रिय सहभागिता निभाती नजर आईं।
बच्चों का आयु के अनुसार वजन मापा गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अभिभावकों को दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के वजन चार्ट के माध्यम से यह समझाया कि सही उम्र में उचित वजन होना उनके शारीरिक व मानसिक विकास के लिए कितना आवश्यक है। शिक्षिका शैलबाला महावर ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए बताया कि शासन के दिशा-निर्देशानुसार समय-समय पर वजन त्यौहार का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों के पोषण स्तर की नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से कुपोषण की समय रहते पहचान होती है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को बच्चों के लिए पौष्टिक व संतुलित आहार देने की सलाह दी। उन्होंने हरी सब्जियां, दालें, फल, दूध और अंडे जैसे पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही शिशुवती महिलाओं को भी उच्च पौष्टिक भोजन लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की नसीहत दी गई। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया। वजन त्यौहार के माध्यम से स्वस्थ बचपन की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए यह संदेश दिया गया कि सही पोषण ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
