मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईजीआईएमएस में बन रहे 1200 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन का किया निरीक्षण | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईजीआईएमएस में बन रहे 1200 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन का किया निरीक्षण

Date : 21-Feb-2026

 पटना, 21 फरवरी । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में 1200 शैय्या वाले नए अस्पताल भवन सह आवासीय भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण से मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में उनकी सरकार बनने के बाद से सभी वर्गों के लोगों के उत्थान और हर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 5400 बेड का बनाया जा रहा है, जबकि राज्य के पांच अन्य पुराने मेडिकल कॉलेजों की क्षमता बढ़ाकर 2500 बेड की जा रही है। इसके अलावा आईजीआईएमएस को भी 3000 बेड का बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है और राज्य के लोगों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।--


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement