प्रधानमंत्री मोदी आज रहेंगे उप्र के दौरे पर, दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का करेंगे शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

प्रधानमंत्री मोदी आज रहेंगे उप्र के दौरे पर, दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का करेंगे शुभारंभ

Date : 22-Feb-2026

 नई दिल्ली, 22 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के मेरठ दौरे पर रहेंगे। वो मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वो भारत के पहला नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के पूर्ण हुए दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही मेरठ मेट्रो सेवा का भी शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी एक्स हैंडल पर कार्यक्रम की सूचना साझा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग 12:30 बजे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वह मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो यात्रा करेंगे। दोपहर करीब एक बजे वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

बताया गया है कि प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे संपूर्ण दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अंतर्गत भारत की पहली नमो भारत आरआरटीएस के शेष खंडों का उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक पांच किलोमीटर तथा उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का खंड शामिल है। 180 किलोमीटर प्रति घंटा की डिजाइन गति वाली नमो भारत देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली है।

यह साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्रों को दिल्ली से तेज रफ्तार संपर्क प्रदान करेगी। सराय काले खां स्टेशन एक प्रमुख मल्टी-मोडल हब के रूप में विकसित किया गया है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से जुड़ा है। इसके अलावा मेरठ के शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इस अवसर पर चालू किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन करेंगे, जो पहली बार नमो भारत के साथ एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित होगी। लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम परिचालन गति के साथ मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी और यह निर्धारित स्टॉपेज के साथ पूरे मार्ग को लगभग 30 मिनट में पूरा करेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एकीकृत संचालन देश में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन के नए मानक स्थापित करेगा। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय गिरावट होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement