चुंचुड़ा में वायरल वीडियो को लेकर विवाद, भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

चुंचुड़ा में वायरल वीडियो को लेकर विवाद, भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत

Date : 22-Feb-2026

 हुगली, 22 फ़रवरी । हुगली जिले के चुंचुड़ा में “भाजपा सत्ता में आई तो बंगाल में मछली-मांस बंद हो जाएगा” जैसे दावे वाले एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस मामले में भाजपा नेता सप्तर्षि बंद्योपाध्याय ने चुंचुड़ा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके बयान को काट-छांट और तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर गलत अर्थ में प्रचारित किया गया।

भाजपा नेता ने रविवार सुबह हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि उन्होंने बिहार में मछली-मांस की बिक्री से जुड़ी एक गाइडलाइन के संदर्भ में सोशल मीडिया पर वीडियो डाला था, लेकिन उस वीडियो को एडिट कर यह प्रचार किया गया कि भाजपा बंगाल में मछली-मांस पर प्रतिबंध लगाने जा रही है। उन्होंने पुलिस को उन सोशल मीडिया अकाउंट्स के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं, जिनसे कथित रूप से यह वीडियो फैलाया गया।

सप्तर्षि बंद्योपाध्याय ने स्पष्ट किया कि उनके बयान का आशय खुले स्थानों पर मछली-मांस की बिक्री से होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर लोगों को जागरूक करना था। उन्होंने कहा, “खुले में मछली-मांस बेचने से कई बार रोगाणु फैल सकते हैं और लोगों की तबीयत खराब हो सकती है। इसी संदर्भ में मैंने बात रखी थी, न कि किसी तरह के प्रतिबंध की।”

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने उनके वीडियो की गलत व्याख्या कर जनता के बीच दुष्प्रचार किया। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस को अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिख रही है, इसलिए इस तरह की भ्रामक राजनीति की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस विवाद ने इलाके में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement