परिवर्तन यात्रा के जरिए बंगाल में शक्ति प्रदर्शन करेगी भाजपा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

परिवर्तन यात्रा के जरिए बंगाल में शक्ति प्रदर्शन करेगी भाजपा

Date : 24-Feb-2026

 कोलकाता, 24 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में अपनी बहुप्रतीक्षित परिवर्तन यात्रा की शुरुआत एक मार्च को करने जा रही है। पार्टी इस बार बड़े पैमाने पर केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारकर शक्ति प्रदर्शन की रणनीति अपना रही है। 48 घंटे के भीतर कम से कम आठ केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय स्तर के नेता राज्य में पहुंचेंगे।

यह यात्रा राज्य के दस में से नौ संगठनात्मक प्रभागों में निकाली जाएगी। केवल कोलकाता महानगर प्रभाग को इससे अलग रखा गया है, जहां समापन पर ब्रिगेड मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। एक मार्च को यात्रा की शुरुआत कूचबिहार, कृष्णानगर, कुल्टी, गढ़बेता और रायदीघी से होगी। दो मार्च को इस्लामपुर, हसन, संदेशखाली और आमता से यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक मार्च को रायदीघी से परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा उसी दिन कृष्णानगर से यात्रा का उद्घाटन करेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो मार्च को आमता से यात्रा की शुरुआत करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोनों दिन उत्तर बंगाल में रहेंगे और एक मार्च को कूचबिहार तथा दो मार्च को इस्लामपुर से यात्रा का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान गढ़बेता से, जबकि महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी कुल्टी से यात्रा का शुभारंभ करेंगी। दो मार्च को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हासन से और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान संदेशखाली से यात्रा को रवाना करेंगे।

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रायदीघी में आरोपपत्र प्रस्तुति कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए मथुरापुर, जयनगर और डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिलों से संबंधित मांगों और शिकायतों का दस्तावेज जारी किया। राज्यभर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मिथुन चक्रवर्ती, अग्निमित्रा पाल, अभिजीत गंगोपाध्याय, सौमेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और रुद्रनील घोष सहित कई नेता शामिल हुए।

भाजपा राज्य समिति के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को बताया कि 2021 के विधानसभा चुनाव के विपरीत, जब पार्टी ने बड़े पैमाने पर दल-बदल कार्यक्रमों पर जोर दिया था, इस बार ऐसे आयोजनों से दूरी बनाई गई है। परिवर्तन यात्रा को शीर्ष नेतृत्व की ताकत के प्रदर्शन और 2026 के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement