मोबाइल दुकान में लगी आग से लाखों का सामान जला | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

मोबाइल दुकान में लगी आग से लाखों का सामान जला

Date : 23-May-2026

 औरैया, 23 मई । उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के बिधूना कस्बे स्थित बंथरा मार्केट में शुक्रवार रात एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था।

डोंडापुर निवासी किशन बाबू की बंथरा मार्केट में ‘किशन मोबाइल’ नाम से दुकान है। दुकानदार ने शनिवार को बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। एक घंटे बाद उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान से ऊंची लपटें उठ रही थीं और आसपास के लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।

आग की चपेट में आने से दुकान में रखे कई एंड्रॉयड मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसरीज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और काउंटर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी जल गई। दुकानदार के मुताबिक, इस हादसे में लगभग 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट है।

पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी करीब 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

उधर, फायर विभाग के लीडिंग फायरमैन दुर्गा प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही बिधूना कंट्रोल रूम से दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए थे। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक दिया। आग लगने का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement