बढ़ती उम्र में निरोगी रहने के लिए योग बेहद जरूरी : प्रताप राव जाधव | The Voice TV

Quote :

"समय वही बदलता है, जो समय के साथ बदलता है।" - गुलजार

National

बढ़ती उम्र में निरोगी रहने के लिए योग बेहद जरूरी : प्रताप राव जाधव

Date : 27-May-2026

 भोपाल/छतरपुर, 27 मई । केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने कहा कि बढ़ती उम्र में निरोगी रहने के लिए योग बेहद जरूरी है। नियमित योगाभ्यास हमारे शरीर को फिट रखता है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की पर्यटन नगरी खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में बुधवार सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के '25वें काउंटडाउन महोत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में करीब 800 लोगों ने एक साथ सामूहिक योगाभ्यास किया, जो सुबह 7:50 बजे तक चला। केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने किया, जबकि सूबे के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस आयोजन से वर्चुअली जुड़े।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ यानि 'स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग' तय की गई है।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की विशेष 'योगा टी-शर्ट' को भव्य रूप से लॉन्च किया गया। इस वर्ष की यह विशेष डिजाइनर टी-शर्ट योग के महत्वपूर्ण अंग 'सूर्य नमस्कार' को बेहद खूबसूरत 'ट्राइबल मोटिफ' में प्रदर्शित करती है, जिसके माध्यम से समृद्ध जनजातीय कला और संस्कृति को वैश्विक मंच पर सेलिब्रेट किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री जाधव ने कहा कि हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है कि भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास परिसंघ (ट्राइफेड) के माध्यम से जुड़े हमारे जनजातीय भाई-बहन पूरे समर्पण और उत्साह के साथ इन टी-शर्ट्स का निर्माण कर रहे हैं। यह अनूठी पहल 'वोकल फॉर लोकल' और 'समग्र स्वास्थ्य' का एक अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम योग, स्वास्थ्य और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस दौरान आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने तनावमुक्त जीवन के लिए योग को अपनाने पर जोर दिया और आगामी 14 जून को होने वाले 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' के प्रयास में देशवासियों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय सांसद वी.डी. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान पर गर्व जताया। साथ ही, उन्होंने खजुराहो को 50 बेड वाले 'आयुष वेलनेस सेंटर' की सौगात मिलने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ‘योग पार्क पोर्टल’ का भी अनावरण किया गया।

इस दौरान प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, विधायक अरविंद पटेरिया और विधायक ललिता यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement