भुवनेश्वर, 28 मई । महान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में वीर सावरकर को भारत माता का महान सपूत, प्रखर देशभक्त और स्वतंत्रता संग्राम के अद्वितीय सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि सावरकर का स्वतंत्रता आंदोलन में अतुलनीय त्याग, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सावरकर के दूरदर्शी आदर्श और एक सशक्त राष्ट्र निर्माण का सपना देशसेवा के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे उनकी स्मृति को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लें।
वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संदेश में सावरकर को ‘स्वातंत्र्यवीर’ बताते हुए कहा कि उन्होंने अदम्य साहस, गहन राष्ट्रवादी चिंतन और अटूट संकल्प के साथ स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि सेल्युलर जेल की कठोर यातनाओं के बावजूद उनका मनोबल कभी डगमगाया नहीं और उन्होंने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
धर्मेंद्र प्रधान ने सावरकर के जीवन को त्याग, तेजस्विता और राष्ट्रसमर्पण का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए कहा कि उनका जीवन हमें सदैव राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा हेतु कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
