शिमला, 03 नवम्बर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कांग्रेस के चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाल रहे नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पास अकूत संपति है।
58 वर्षीय सुखविंद्र सिंह सुक्खू पांचवी बार नादौन विधानसभा हल्के से चुनाव मैदान में हैं।
सुक्खू की संपति पर नजर डालें तो उनका परिवार धनकुबेर उम्मीदवारों की सूची में शामिल है। विस चुनाव में नामांकन के दौरान चुनाव आयोग को दिए शपथपत्र में सुक्खू ने अपने परिवार की चल एवं अचल संपति 8.50 करोड़ दिखाई है। सुक्खू की चल संपति मात्र पांच लाख है। जबकि उनकी पत्नी के नाम 20.70 लाख की चल संपति है।
खास बात यह है कि सुक्खू 5.26 करोड़ की अचल संपति के मालिक हैं। उनकी पत्नी के पास 1.98 करोड़ की अचल संपति है। इस तरह सुक्खू के नाम जहां 5.31 करोड़ की चल-अचल संपति है, वहीं उनकी धर्मपत्नी 2.68 करोड़ की संपति की मालकिन हैं।
सुक्खू परिवार की अचल संपतियों में कृषि भूमि, गैर कृषि भूमि, व्यवसायिक और रिहायशी भवन हैं। शपथपत्र में सुक्खू परिवार ने अपनी आय का स्त्रोत पैंशन, ठेकेदारी और स्वरोजगार बताया है। सुक्खू ने वर्ष 2021-22 में 17.28 लाख का आयकर भरा है। सुक्खू पर 20 लाख की देनदारियां भी हैं।
बता दें कि इस विधानसभा चुनाव में सुक्खू कांग्रेस में बड़े नेता बनकर उभरे हैं। कांग्रेस के टिकट आवंटन में उनका काफी हाथ रहा है। कांग्रेस नेतृत्व ने विस चुनाव के लिए सूक्खू को प्रदेश कांग्रेस के प्रचार प्रसार का प्रमुख बनाकर उनके सियासी कद को बढ़ा दिया है।
पिछले कई विधानसभा चुनावों में यह जिम्मा कांग्रेस के कद्दावर नेता व छह बार सीएम रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह संभालते थे। चार दशक में पहली बार वीरभद्र सिंह के बगैर विस चुनाव में उतरी कांग्रेस के पास उनके कद का कोई सर्वमान्य चेहरा नहीं है। यही वजह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में सीएम को लेकर जंग छिड़ी है। करीब आधा दर्जन नेता सीएम बनने का सपना पाले हुए हैं।
कांग्रेस आलाकमान से नजदीकियों के कारण सूक्खू को टिकट वितरण कमेटी में भी जगह मिली और वह कई सीटों पर अपने समर्थकों को टिकट दिलाने में भी कामयाब रहे। कांग्रेस के सत्ता में आने पर पार्टी का एक वर्ग उन्हें सीएम का दावेदार भी मान रहा है। हालांकि वीरभद्र सिंह परिवार से छतीस का आंकड़ा उनकी राह को कठिन कर सकता है।
नादौन विधानसभा सीट पर यूं तो भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर मानी जा रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी ने यहां एक युवा उम्मीदवार को उताकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। यहां भाजपा से पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री और आम आदमी पार्टी से शैंकी ठुकराल चुनाव मैदान में हैं।
सूक्खू के प्रतिद्वंद्वी भाजपा के विजय अग्निहोत्री की चल-अचल संपति 2.58 करोड़
पूर्व विधायक विजय कुमार अग्निहोत्री को भाजपा ने दोबारा नादौन से चुनाव मैदान में उतारा है। 55 वर्षीय विजय अग्निहोत्री के पास 2.58 करोड़ की चल व अचल संपति है। निर्वाचन आयोग को दिए हल्फनामे में विजय अग्निहोत्री ने अपनी चल संपति 82.34 लाख और पत्नी की चल संपति 54.14 लाख दिखाई है। उनके बच्चे के नाम 2.10 लाख की संपति है। विजय अग्निहोत्री के पास साढ़े 12 लाख तो पत्नी के पास 15 लाख के गहने हैं। हल्फनामे के अनुसार विजय अग्निहोत्री की अचल संपति 1.11 करोड़ है। उनकी पत्नी की अचल संपति 9 लाख है। विजय अग्निहोत्री ने विधानसभा से 5.13 लाख का कार लोन भी लिया है। पिछले वितीय वर्ष में उन्होंने 11 लाख का आयकर भरा है।
आप के युवा उम्मीदवार शैंकी ठुकराल भी करोड़पति, कोई अचल संपति नहीं
आम आदमी पार्टी ने नादौन से युवा शैंकी ठुकराल पर दांव खेला है। 31 वर्षीय शैंकी ठुकराल भी करोड़पति हैं। उनके परिवार की संपति 2.82 करोड़ है। रोचक बात यह है कि शैंकी ठुकराल के परिवार के पास अचल संपति नहीं है। उनके नाम 1.49 करोड़ की चल संपति है। जबकि उनकी पत्नी 1.18 करोड़ की मालकिन है। शैंकी के पास 15 लाख की कीमत के गहने हैं। वहीं उनकी पत्नी के पास 24 लाख के गहने हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील
