राहुल गांधी ने तेलंगाना और हिप्र के मुख्यमंत्रियों से भी ‘रोहित वेमुला एक्ट’ लागू करने का आग्रह किया | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

राहुल गांधी ने तेलंगाना और हिप्र के मुख्यमंत्रियों से भी ‘रोहित वेमुला एक्ट’ लागू करने का आग्रह किया

Date : 21-Apr-2025

नई दिल्ली, 21 अप्रैल । कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर दोनों राज्यों में ‘रोहित वेमुला अधिनियम’ लागू करने का आग्रह किया है। राहुल का कहना है कि यह एक्ट लागू होने के बाद वंचित वर्गों के किसी छात्र को जातिवाद का वो दंश नहीं झेलना पड़ेगा, जिसे बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर, रोहित वेमुला और लाखों अन्य लोगों को सहना पड़ा है।

राहुल गांधी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लिखे पत्रों को सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखने के बाद मैंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलंगाना के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ‘रोहित वेमुला एक्ट’ लागू करने का आग्रह किया है। कांग्रेस हर बच्चे को शिक्षा तक समान पहुंच दिलाने और जातीय भेदभाव को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जब तक हर छात्र को बिना भेदभाव के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर नहीं मिलेगा, तब तक हमारी शिक्षा व्यवस्था सभी के लिए न्यायपूर्ण नहीं हो सकती।

राहुल गांधी ने कहा कि रोहित वेमुला, पायल तड़वी और दर्शन सोलंकी जैसे होनहार युवाओं की हत्या बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। अब इस पर पूरी तरह से रोक लगाने का समय आ गया है। इससे पहले गत सप्ताह राहुल गांधी ने इसी तरह का एक पत्र कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को भी लिखा था। इन तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने वर्ष 2023 के अपने रायपुर महाधिवेशन में वादा किया था कि सत्ता में आने पर वह एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों के छात्रों का सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘रोहित वेमुला अधिनियम’ नामक एक विशेष कानून पारित करेगी। हैदराबाद विश्विद्यालय के छात्र रहे रोहित वेमुला ने जनवरी, 2016 में कथित जातिगत भेदभाव के कारण आत्महत्या कर ली थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement