चीन ने जापानी सी-फूड आयात पर आंशिक रूप से हटाया प्रतिबंध | The Voice TV

Quote :

कृतज्ञता एक ऐसा फूल है जो महान आत्माओं में खिलता है - पोप फ्रांसिस

International

चीन ने जापानी सी-फूड आयात पर आंशिक रूप से हटाया प्रतिबंध

Date : 30-Jun-2025

नई दिल्ली, 30 जून । जापान के फुकुशिमा परमाणु संयंत्र से उपचारित अपशिष्ट जल को प्रशांत महासागर में छोड़े जाने के बाद लगाए गए प्रतिबंध को चीन ने अब आंशिक रूप से हटा लिया है। चीन के सीमा शुल्क प्रशासन ने रविवार को एक बयान में कहा कि फुकुशिमा क्षेत्र के समुद्री खाद्य उत्पादों की दीर्घकालिक निगरानी के दौरान नमूने ठीक पाए गए। इसके बाद चीन ने जापान से समुद्री खाद्य आयात को कुछ शर्तों के साथ फिर से शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि यह अनुमति जापान के 47 प्रांतों में से केवल 37 पर लागू होगी, जबकि फुकुशिमा और टोक्यो समेत 10 प्रांतों से आयात पर प्रतिबंध अभी भी जारी रहेगा।

चीन के इस फैसले को जापान ने सकारत्मक बताया। टोक्यो में पत्रकारों से बातचीत में उप मुख्य कैबिनेट सचिव काजुहिको आओकी ने कहा कि जापानी सरकार अब चीन से शेष 10 प्रांतों पर लगे आयात प्रतिबंधों को भी हटाने की मांग करेगी। जापान के कृषि मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने इस फैसले को मील का पत्थर बताया और कहा कि इससे जापानी सी-फूड उद्योग को राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में फुकुशिमा परमाणु संयंत्र भूकंप और सुनामी की चपेट में आ गया था, जिससे तीन रिएक्टर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे और क्षेत्र में रेडिएशन फैलने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद संयंत्र को वर्षों तक बंद रखा गया। जापान ने 2023 में उपचारित अपशिष्ट जल को विशेष तकनीकों से फिल्टर करने के बाद चरणबद्ध तरीके से समुद्र में छोड़ना शुरू किया, जिससे चीन और रूस समेत कई देशों ने इसका विरोध करते हुए जापानी समुद्री खाद्य पदार्थों के आयात पर रोक लगा दी थी।

चीन ने इस कदम को पर्यावरण के लिए गैर-जिम्मेदाराना बताया था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने जापान की इस प्रक्रिया का समर्थन किया और संयंत्र संचालक टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी का कहना है कि ट्रिटियम को छोड़कर सभी रेडियोधर्मी तत्वों को सुरक्षित स्तर तक फ़िल्टर किया गया है। अब चीन द्वारा आयात बहाल करने के फैसले को जापान एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देख रहा है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement