भोपाल, 02 जुलाई । निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान अभूतपूर्व काम किया है। निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा-लोकसभा चुनावों में बड़ी सफलता अर्जित करने में बड़ी भूमिका अदा की। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हमेशा पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा लगे रहे। उन्हें जो कार्य दिया गया उन्होंने उसे सही ढंग से संपादित किया। अब आने वाले समय में चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन हेमंत खंडेलवाल चुनौतियों का सामना कर सफलता प्राप्त करने के लिए जाने जाते हैं, आगे भी उनका यह सिलसिला जारी रहेगा। यह कहना है केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का।
दरअसल, केन्द्रीय मंत्री बुधवार को भोपाल में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की घोषणा के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तब एक आदर्श विधायक का उदाहरण हेमंत खंडेलवाल ने प्रस्तुत किया और बैतूल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। खंडेलवाल के दिमाग में नई-नई योजनाएं चलती रहती हैं। जब मैं स्कूली शिक्षा के लिए सीएम राइज योजना लेकर आया तो उसके पहले खंडेलवाल के साथ भी चर्चा हुई थी, उन्होंने कई सुझाव दिए जिन्हें शामिल किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मूल मंत्र देश के सभी वर्गों और क्षेत्रों के विकास के साथ रोज नया इतिहास लिख रहा है। हेमंत खंडेलवाल भी प्रधानमंत्री के इस मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे तो आने वाले चुनावों में पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों से ज्यादा मत भाजपा को मिलेगा और प्रदेश की जनता का साथ पार्टी को मिलता रहेगा।
पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश का संगठन आदर्श है। आदर्श राज्य बनने में जनसंघ से लेकर भाजपा की कई पीढ़ियां खपी हैं। इसमें एक-एक कार्यकर्ता का अहम योगदान है। श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के पदचिन्हों पर चलते हुए सामूहिकता की भावना से कार्यकर्ताओं ने इतिहास बनाया है। मध्य प्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों में 1313 मंडल के 65014 बूथों में से 99.9 प्रतिशत बूथ समितियों का गठन कर डिजिटली बूथ एनरोल्ड कर पार्टी ने देश में इतिहास बनाने का कार्य किया है। आज मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को और आगे ले जाने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का बहुत गर्व है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ संगठन पर्व को पूरा कराया। यह वह मध्यप्रदेश है जिसे श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा, स्वर्गीय कैलाश जोशी से लेकर यहां उपस्थित सभी वरिष्ठ नेतृत्व ने मिलकर गढ़ा है। संगठन तंत्र की शक्ति ही वैभव का चित्र सजाती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में पूरे मध्यप्रदेश के 41 लाख कार्यकर्ताओं को डिजिटली एनरोल्ड कर गांव-गांव तक संगठन को मजबूत किया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आज मध्य प्रदेश द्रुत गति से विकास में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री और नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता मध्यप्रदेश को आदर्श संगठन से और आगे ले जाने का कार्य करेंगे।