लीड- नूंह की ब्रज मंडल यात्रा में शामिल हुए चीफ इमाम, श्रद्धालुओं पर मुस्लिमों ने बरसाए फूल | The Voice TV

Quote :

तुम खुद अपने भाग्य के निर्माता हो - स्वामी विवेकानंद

National

लीड- नूंह की ब्रज मंडल यात्रा में शामिल हुए चीफ इमाम, श्रद्धालुओं पर मुस्लिमों ने बरसाए फूल

Date : 14-Jul-2025

चीफ इमाम डाॅ. उमर अहमद इलियासी भी ब्रज मंडल यात्रा में हुए शामिल

 हरियाणा के खेल मंत्री व विधायकों ने ऐतिहासिक मंदिर में किया जलाभिषेक

नूंह, 14 जुलाई। सावन माह के पहले सोमवार को नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का इस बार मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। पूरे जोश व उत्साह के साथ भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे और जलाभिषेक किया। चीफ इमाम डा. उमर अहमद इलियासी भी ब्रज मंडल यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने गाय को राष्ट्रीय प्राणी घोषित करने की मांग की। संवेदनशील इलाके काे देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं व सुरक्षा के इंतजाम किए हुए थे।

ब्रज मंडल की इस पवित्र यात्रा में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा, राजस्थान के कामा से विधायक नौक्षम चौधरी, पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह ने भी सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ नल्हड़ेश्वर मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए मंगलकामना और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा से सम्मानित साधु-संत महात्मा बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। यात्रा मार्ग पर करीब 60 से अधिक स्थानों पर सभी धर्मों के लोग इस यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे। मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 से अधिक वॉलिंटियर सेवा में लगाए हुए हैं।

दरअसल, वर्ष 2023 में ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हिंसा की घटना हो गई थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे। इस बार प्रशासन ने कड़े इंतजाम करते हुए 2500 से अधिक पुलिस जवान तैनात कर दिए। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थ को मजबूत किया गया। ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी की गई। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर यात्रा के मार्ग पर आने वाली सभी मीट की दुकानों को बंद करा दिया।

यात्रा में कोई खलल ना पड़े और झूठी अफवाहें नहीं फलाई जाए इसके लिए जिला प्रशासन ने 24 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया और स्कूलों को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए। ब्रज मंडल की यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा है। नल्हड़ मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की जलपान का भी ध्यान रखा जा रहा है। चप्पल सेवा में भी स्थानीय निवासी जुटे हुए हैं।

तावडू में कुछ शरारती तत्वों ने मजार को नुकसान पहुंचाया है उस प्रशासन द्वारा जरूरी कार्रवाई की जा रही है। जिला उपायुक्त का कहना है कि एसडीएम तावडू जितेंद्र गर्ग और डीएसपी देवेन्द्र सिंह ने निरीक्षण कर सभी वर्गों से बात की है। फिलहाल जिला के सभी क्षेत्रों में शांति का माहौल है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement