भारत और इज़राइल ने तेल अवीव में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत शुरू करने के लिए संदर्भ की शर्तों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए, जो दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इज़राइल के अर्थव्यवस्था व उद्योग मंत्री नीर बरकत ने संयुक्त रूप से इन शर्तों पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों देश एक व्यापक एफटीए की दिशा में काम शुरू करने पर सहमत हुए हैं, जिसका लक्ष्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करना है।
उन्होंने इसे व्यापार, आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के लिए एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी एफटीए की दिशा में वार्ता को आगे बढ़ाने का पहला महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रस्तावित समझौते से वस्तुओं और सेवाओं के क्षेत्र में अधिक बाजार पहुंच, पूंजी प्रवाह, निवेश और व्यापार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
