अमेरिका ने आतंक और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्कों को समाप्त करने तथा अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ जारी सहयोग की सराहना की है। भारत में अमेरिकी दूतावास ने X पर जारी एक बयान में कहा कि वह नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम करने के अपने संकल्प को दोहराता है।
यह बयान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी की घोषणा के तुरंत बाद सामने आया। बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया, जिसके बाद एक विशेष अदालत ने उसे 11 दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया है। उसे 29 नवंबर को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया तब आगे बढ़ी जब महाराष्ट्र की एक अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया और इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया, जिसके बाद भारत ने औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध पेश किया था।
