इम्फाल, 10 दिसंबर । सुरक्षा बलों ने मणिपुर में बीते 24 घंटे में चलाए गए अभियानों के दौरान कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया तथा हथियार एवं विस्फोटक बरामद किए।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि राज्य के चुड़ाचांदपुर थाना क्षेत्र के हेंगकापकोट गांव के जंगलों में चलाए गए अभियान के दौरान हथियारों और विस्फोटकों का एक जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार (विस्फोटक इनीशिएशन सिस्टम सहित), दो हाई-एक्सप्लोसिव बम, एक स्मोक ग्रेनेड और विभिन्न हथियारों के 27 खाली केस शामिल हैं।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने मोरेह के सनराइज ग्राउंड के निकट से केवाईकेएल (ओ) कैडर अहंथम पुनिकांता सिंह उर्फ दीपक (43), निवासी फुमलौ मनिंग लाइकाई, इम्फाल वेस्ट को गिरफ्तार किया। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से उग्रवादी गतिविधियों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
इधर, लंघोल लाइमानाई क्षेत्र (लम्फेल-थाना, इम्फाल वेस्ट) में सुरक्षा कर्मियों ने केसीपी (पीडब्ल्यूजी) से जुड़े उगाही करने वाले कैडर अखम रोमेश सिंह उर्फ थोइसना (30), निवासी तौपोकपी मायाई लाइकाई, जिला विष्णुपुर, को दबोचा। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और आधारकार्ड बरामद किया गया।
