बलरामपुर : जंगल में 3 किमी तक पीछा, कलेक्टर खुद बने एक्शन हीरो | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बलरामपुर : जंगल में 3 किमी तक पीछा, कलेक्टर खुद बने एक्शन हीरो

Date : 13-Dec-2025

बलरामपुर, 13 दिसंबर । धान खरीद व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को चुनौती देने वालों के खिलाफ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रशासन ने अब सीधे मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार देर रात एक अभूतपूर्व कार्रवाई में कलेक्टर राजेंद्र कटारा स्वयं मैदान में उतरे और अंतरराज्यीय सीमा से अवैध धान तस्करी को पकड़कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया कि जिले में धान माफिया के लिए अब कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचेगा।

विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत तालकेश्वरपुर अंतरराज्यीय सीमा के घने जंगलों में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही कलेक्टर कटारा ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। अंधेरे और दुर्गम जंगलों के बीच करीब 3 किलोमीटर तक पीछा कर कलेक्टर ने स्वयं दो पिकअप वाहनों को रुकवाया, जो अवैध रूप से धान का परिवहन कर रहे थे।

जांच में दोनों वाहनों से लगभग 140 बोरी अवैध धान बरामद किया गया। मौके पर ही अवैध धान और दोनों वाहनों को थाना प्रभारी सनवाल के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, धान खरीद व्यवस्था को प्रभावित करने वाला अवैध परिवहन या भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंतरराज्यीय सीमाओं पर 24 घंटे चौकसी रखी जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्रों में सतत निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement