रायसेन में आज प्रभारी मंत्री करेंगे जैविक हाट बाजार का शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रायसेन में आज प्रभारी मंत्री करेंगे जैविक हाट बाजार का शुभारंभ

Date : 13-Dec-2025

रायसेन, 13 दिसम्बर। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ ही जैविक खेती के उत्पादों के विक्रय के उद्देश्य से कार्यालय सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी सागर रोड में आज शनिवार को जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार प्रातः 11 बजे इस जैविक हाट बाजार का शुभारंभ करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने बताया कि इस विक्रय केन्द्र में जैविक कृषि उत्पाद जैसे अनाज, दालें, तेल, मसाले आदि का प्रतिदिन विक्रय किया जाएगा। इसके साथ ही इस हाट बाजार में जिले में जैविक खेती करने वाले किसानों की जानकारी भी सांझा की जाएगी, जिससे कि नागरिक अपनी आवश्यकतानुसार जैविक उत्पाद सीधे किसानों से क्रय कर सकेंगे। यह हाट बाजार किसानों में जैविक खेती के बारे में जागरूकता लाने के साथ ही उपज का उचित मूल्य दिलाने में आधारशिला साबित होगा। जिले में जैविक खेती करने वाले किसान भाई अपने उत्पाद विक्रय करने एवं जैविक उत्पाद खरीदने के इच्छुक व्यक्ति रायसेन में सागर रोड स्थित कार्यालय सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी सागर रोड के जैविक हाट बाजार में सम्पर्क कर सकते हैं।

जैविक उत्पाद विक्रय केन्द्र पर मिलेंगे यह उत्पाद

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, इस जैविक उत्पाद विक्रय केन्द्र पर विक्रय हेतु अनाज, दाल, तेल, सब्जियां, फल, घी आदि उत्पाद नागरिकों के लिये उपलब्ध रहेगें। अनाज में गेंहू, चावल (बासमती), चावल (सादा), ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी, सांवा, मक्का तथा दाल में अरहर, मूंग, उडद, मसूर, बटरी एवं तेल में सोयाबीन, सरसों, मूंगफली और सब्जी में आलू, मिर्च, लौकी, बरबटी, भिण्डी, गोभी, टमाटर, सेम, गंवार फल्ली, गिलकी, मूली, कददू, टिण्डे, मुनगा (सहजन) आदि उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार कंद में शकरकंद, ककडी, अरबी, रतालू (गराडू), लहसुन, प्याज और फल में पपीता, अमरूद, आंवला, कटहल तथा भाजी में मैथी, पालक, नोनिया (कुल्फा), बथुआ, चौलाई विक्रय हेतु उपलब्ध रहेगी। विक्रय केन्द्र में देशी गाय का बिलौना विधि से तैयार घी भी मिलेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement