चेन्नई, 15 दिसंबर । तमिलनाडु में होने वाले 2026 के विधानसभा चुनाव में अब केवल चार महीने शेष हैं। ऐसे में राज्य की राजनीति में गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) ने तमिलनाडु , पुडुचेरी और केरल विधानसभा चुनावों के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
पार्टी के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पाडी के. पलानीसामी ने बताया कि एआईएडीएमके की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी सदस्य 15 दिसंबर से 23 दिसंबर तक इच्छापत्र प्राप्त कर सकते हैं।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल विधानसभा चुनावों के लिए इच्छापत्र आज (15 दिसंबर) से वितरित किए जा रहे हैं। इच्छुक उम्मीदवार एआईएडीएमके मुख्यालय से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। पहले दिन, यानी 15 दिसंबर को इच्छापत्र दोपहर 12 बजे से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को फॉर्म में पूछी गई सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से भरकर निर्धारित समय सीमा के भीतर मुख्यालय में ही जमा करनी होंगी। एआईएडीएमके के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पार्टी समय रहते उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है।
