मप्रः विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग सिवनी पहुंचा, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मप्रः विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग सिवनी पहुंचा, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Date : 16-Dec-2025

सिवनी, 15 दिसंबर । मध्य प्रदेश के सिवनी शहर में सोमवार को उस समय आस्था और उत्सुकता का सैलाब उमड़ पड़ा, जब दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग यहां से होकर गुजरा। खबर फैलते ही इस विशालकाय शिवलिंग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि यह शिवलिंग 2 लाख 10 हजार किलो वजनी है और इसे एक ही पत्थर से तराशा गया है। इसकी ऊंचाई 33 फीट है, जो लगभग तीन मंजिला इमारत के बराबर है। खास बात यह है कि इस विशाल शिवलिंग में 1008 छोटे शिवलिंग भी उकेरे गए हैं, जो इसे और भी अद्भुत बनाते हैं।

यह भव्य शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम जिले में तैयार किया गया है और इसे बिहार के चंपारण (जानकीनगर) में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाना है। करीब 2316 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए इसे 106 चक्का वाले विशेष ट्रक से ले जाया जा रहा है। ढुलाई के दौरान मार्ग में आने वाले पुल-पुलियों और सड़कों को विशेष रूप से जांचा और मजबूत किया गया है।

सोमवार दोपहर शिवलिंग के सिवनी पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन करने आए लोगों ने इसे अत्यंत पवित्र बताते हुए कहा कि विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने के बाद यह शिवलिंग न केवल मंदिर की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि रामायण काल की भव्य कथा को भी जीवंत रूप में दर्शाएगा। जानकारी के अनुसार, यह शिवलिंग मंगलवार को अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होगा।

इस ऐतिहासिक परिवहन को अंजाम दे रहे ट्रक चालक आलोक सिंह ने बताया कि इतने विशाल और वजनी शिवलिंग को ले जाना एक बड़ी चुनौती है। रास्ते में पुलों और सड़कों को लेकर डर बना रहता है, लेकिन भोलेनाथ की कृपा से यात्रा अब तक सुरक्षित रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान शिव की कृपा से यह शिवलिंग सकुशल अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement