दिसम्बर में शिमला की रातें गर्म, पारा 11 डिग्री के पार, निचले इलाकों में कोहरे की मार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दिसम्बर में शिमला की रातें गर्म, पारा 11 डिग्री के पार, निचले इलाकों में कोहरे की मार

Date : 16-Dec-2025

शिमला, 16 दिसंबर । दिसम्बर माह के मध्य में शिमला की रातें असामान्य रूप से गर्म हो गई हैं और इस माह पहली बार राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। इससे पहले दिसम्बर में शिमला की रातें आमतौर पर सिंगल डिजिट में रहती थीं। तापमान में आए उछाल ने ठंड की धार को कम कर दिया है। हालांकि प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

लाहौल स्पीति जिला का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां बीती रात का पारा माइनस 5.3 डिग्री दर्ज हुआ, इसके बाद ताबो में माइनस 3.0 डिग्री, सियोबाग में 0.8 डिग्री, बजौरा में 2.9 डिग्री, भुंतर में 2.8 डिग्री, कल्पा में 1.8 डिग्री, मनाली में 4.5 डिग्री, कांगड़ा में 5.0 डिग्री, मंडी में 5.6 डिग्री, हमीरपुर में 4.7 डिग्री, सोलन में 4.0 डिग्री, पालमपुर में 6.0 डिग्री, बिलासपुर में 6.0 डिग्री, ऊना में 7.0 डिग्री, सुंदरनगर में 3.4 डिग्री, नाहन में 10.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.4 डिग्री, कुफरी में 9.7 डिग्री, नारकंडा में 6.5 डिग्री, रिकांगपिओ में 3.9 डिग्री, बरठीं में 5.6 डिग्री, पांवटा साहिब में 9.0 डिग्री, सराहन में 5.6 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में घना कोहरा चिंता का कारण बना हुआ है। आज बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई, जबकि मंडी में मध्यम कोहरा छाया रहा और वहां दृश्यता लगभग 200 मीटर दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बिलासपुर व मंडी सहित कुछ निचले इलाकों में देर रात और सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 दिसम्बर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 20 और 21 दिसम्बर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उच्च पर्वतीय और जनजातीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है, वहीं 22 दिसम्बर को मौसम के दोबारा साफ होने की संभावना जताई गई है। शिमला, कुफ़री और मनाली में पर्यटकों को सीजन की पहली बर्फबारी का इंतज़ार है। दिसम्बर में इन हिल स्टेशनों में अक्सर बर्फबारी होती है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement