ईरोड में तवेका की जनसभा को सशर्त अनुमति, अभिनेता विजय करेंगे संबोधन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

ईरोड में तवेका की जनसभा को सशर्त अनुमति, अभिनेता विजय करेंगे संबोधन

Date : 16-Dec-2025

ईरोड, 16 दिसंबर । विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही तमिलनाडु की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। प्रमुख राजनीतिक दल प्रचार यात्राओं, गठबंधन रणनीतियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के माध्यम से चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में तमिलगा वेट्री कज़गम (तवेका) की ओर से गुरुवार को ईरोड जिले के विजयमंगल टोल बूथ के पास एक सार्वजनिक सभा आयोजित की जाएगी।

सभा का आयोजन विजयपुरी अम्मन मंदिर परिसर में किया जाएगा, जहां करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में पार्टी नेता एवं अभिनेता विजय शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे।

सभा की अनुमति के लिए पुलिस विभाग ने 84 सवाल पूछे थे, जिनके जवाब और आवश्यक दस्तावेज तवेका ने प्रस्तुत किए। इसके बाद मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, पुलिस और जिला प्रशासन को बताया गया कि हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग की ओर से पहले अनुमति नहीं मिली थी। हालांकि, बाद में मंदिर प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर 5 प्रतिबंधों के साथ सभा की अनुमति दी गई।

शर्तों के तहत सार्वजनिक सभा स्थल के लिए 50 हजार रुपये जमा कराने, 50 हजार रुपये किराया तथा सभा में आने वाले लोगों के लिए पीने का पानी, भोजन और सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान रखा गया है। इसके बाद 18 दिसंबर को ईरोड जिला पुलिस ने सभा की औपचारिक अनुमति प्रदान की।

पुलिस ने सभा के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक केवल दो घंटे का समय निर्धारित किया है। साथ ही एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की तैनाती अनिवार्य की गई है।

अनुमति मिलने के बाद सभा स्थल पर मैदान के नवीनीकरण का कार्य तेज कर दिया गया है। पुलिस निर्देशों के अनुसार स्वयंसेवकों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा रही हैं। सभा में भाग लेने वालों को क्यूआर कोड आधारित अनुमति के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।

खेल मैदान में महिलाओं के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है, ताकि वे सुरक्षित रूप से बैठकर पार्टी नेता विजय का भाषण नजदीक से सुन सकें। प्रशासन की ओर से सभी नियमों के सख्त पालन का दावा किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement