हाउस टैक्स नहीं भरा तो कार्रवाई तय, निगम की सख्ती से खौफ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हाउस टैक्स नहीं भरा तो कार्रवाई तय, निगम की सख्ती से खौफ

Date : 16-Dec-2025

 बरेली, 16 दिसंबर  । उत्तर प्रदेश के बरेली में नगर निगम की सख्ती के चलते गृहकर बकायेदारों में खौफ साफ नजर आने लगा है। वर्षों से टैक्स टालते आ रहे लोग अब निगम दफ्तरों और ऑनलाइन पोर्टल पर कतारों में दिख रहे हैं। सख्त वसूली अभियान का असर यह है कि शहर के अलग-अलग जोनों से अब तक 50.42 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है, जो निगम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी के अनुसार, इस अभियान का सबसे अहम पहलू यह है कि करीब 25 हजार ऐसे करदाता सामने आए हैं, जिन्होंने जीवन में पहली बार गृहकर जमा किया है। चालू वित्त वर्ष में अब तक 57,673 लोग टैक्स अदा कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 हजार अधिक है। इससे साफ है कि निगम की सख्ती का असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है।

शासन के निर्देश पर नगर निगम ने इस बार शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में शहर के 2.20 लाख से अधिक मकानों को बकाया नोटिस जारी किए गए। नोटिस मिलते ही टैक्स न भरने वालों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में बकायेदारों ने एकमुश्त भुगतान किया।

अधिकारियों का कहना है कि एसआईआर कार्य के चलते फिलहाल स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव है, लेकिन इसके पूरा होते ही सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई तेज कर दी जाएगी। निगम ने साफ चेतावनी दी है कि आगे किसी भी बकायेदार को राहत नहीं दी जाएगी।

वसूली में डिजिटल भुगतान सबसे आगे रहा है। ऑनलाइन और पीओएस के जरिए बड़ी राशि जमा हुई है। दिसंबर तक टैक्स जमा करने पर 5 प्रतिशत छूट का लाभ भी दिया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 2.53 करोड़ रुपये की राहत दी जा चुकी है। निगम का साफ संदेश है—समय पर टैक्स भरिए, वरना कार्रवाई तय है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement