वाराणसी कैंटोनमेंट बोर्ड को वर्ष 2025 का रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार मिला | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

वाराणसी कैंटोनमेंट बोर्ड को वर्ष 2025 का रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार मिला

Date : 17-Dec-2025

 वाराणसी, 17 दिसंबर उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंटोनमेंट बोर्ड को नगरीय सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नवाचार और कचरा शून्यकरण (जीरो वेस्ट) की दिशा में प्रभावी प्रयासों के लिए वर्ष 2025 का रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छावनी परिषद वाराणसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मोहन और उनकी टीम को प्रदान किया। पुरस्कार प्राप्त होने पर सीईओ सत्यम मोहन ने छावनी परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से सफाई कर्मियों को बधाई देते हुए उनके सहयोग और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छावनी परिषद की कार्यप्रणाली, पर्यावरण हितैषी नीतियों और सामुदायिक सहभागिता आधारित विकास मॉडल का प्रमाण है। सीईओ ने बताया कि छावनी परिषद नागरिक सुविधाओं के निरंतर सुधार के लिए नए-नए नवाचारों पर कार्य कर रही है। रक्षा मंत्री से यह पुरस्कार प्राप्त होना जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों, विशेषकर सफाई मित्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक है। उन्होंने बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा घरेलू और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से उत्पन्न कचरे को स्रोत पर ही पृथक करने, उसके सुरक्षित और व्यवस्थित संग्रहण तथा वैज्ञानिक प्रोसेसिंग के माध्यम से जीरो वेस्ट की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव व्यापक स्तर पर देखने को मिला है। पूर्व में छावनी परिषद डस्टबिन से कूड़ा एकत्र कर नगर निगम के करसड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट तक भेजती थी, जिससे भारी धनराशि व्यय होती थी। वर्तमान में वाराणसी कैंटोनमेंट बोर्ड के सैनिटेशन पार्क में ही ठोस कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति में छावनी परिषद द्वारा 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सभी बड़े कम्युनिटी बिनों का पूर्ण निष्कासन और पुराने डंप साइट को हरित क्षेत्र में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर है। नगरीय प्रबंधन के इन समेकित प्रयासों का परिणाम यह रहा कि विगत एक वर्ष में वाराणसी कैंटोनमेंट बोर्ड ने स्वच्छता सर्वेक्षण–2024 में 7वीं रैंक प्राप्त की है और सेवा स्तर में निरंतर सुधार दर्ज किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement