श्रीगंगानगर में मिला संदिग्ध पाकिस्तानी गुब्बारा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

श्रीगंगानगर में मिला संदिग्ध पाकिस्तानी गुब्बारा

Date : 17-Dec-2025

 श्रीगंगानगर, 17 दिसंबर । श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती इलाके में एक बार फिर पाकिस्तान से जुड़ा गुब्बारा मिलने की सूचना से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। यह गुब्बारा खेत में काम कर रहे एक किसान को मिला, जिस पर उर्दू भाषा में ‘PIA’ अंकित है। गुब्बारे की बनावट हवाई जहाज के समान है और उस पर पाकिस्तानी चांद-तारे का प्रतीक भी बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े आठ बजे 30 एलएनपी क्षेत्र में विक्रम मांझू की ढाणी के पास किसान को खेत में यह गुब्बारा पड़ा मिला। किसान ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घमुड़वाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को सुरक्षित तरीके से कब्जे में ले लिया।

घमुड़वाली थाने के एएसआई श्योपत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में गुब्बारे में किसी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध उपकरण नहीं मिला है। इसके बावजूद, गुब्बारे पर पाकिस्तानी इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) का लोगो होने के कारण हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने इस घटना की जानकारी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को भी दे दी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह गुब्बारा किस रास्ते से भारतीय सीमा में पहुंचा और इसके पीछे कोई विशेष उद्देश्य तो नहीं था।

गौरतलब है कि सीमावर्ती इलाकों में इससे पहले भी कई बार हवा के साथ पाकिस्तान की ओर से ऐसे गुब्बारे उड़कर आ चुके हैं। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement