दिल्ली में 18-20 दिसंबर तक धुंध, घना कोहरा छाए रहने के आसार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दिल्ली में 18-20 दिसंबर तक धुंध, घना कोहरा छाए रहने के आसार

Date : 18-Dec-2025

नई दिल्ली, 18 दिसंबर । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में 18-20 दिसंबर तक धुंध तथा घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। इस दौरान वाहन चालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गयी है। आईएमडी ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने आसमान को साफ रखा। आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने के आसार हैं। फिलहाल, कड़ाके की 'शीत लहर' जैसी स्थिति दिल्ली में नहीं होगी।

दिल्ली के आसपास के राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 18-20 दिसंबर के दौरान ' घना कोहरा' छाए रहने की चेतावनी दी गयी है। इसका असर दिल्ली आने वाली ट्रेनों और उड़ानों पर पड़ने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवाएं भी चलने के आसार हैं। इस दौरान मौसम विभाग के अधिकारियों ने घर से बाहर निकलने वालों और वाहन चालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम अधिकारियों ने पहाड़ों पर हो रही हलचल और मैदानी इलाकों में चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण कई राज्यों में 'शीत लहर' की चेतावनी दी है।

इससे जनजीवन प्रभावित होना शुरू हो गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 18-21 दिसंबर के दौरान घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहेगी। हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 20 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 22 दिसंबर तक इसका असर बने रहने के आसार हैं।मैदानी इलाकों में पारा लुढ़कने के कारण पिछले 24 घंटों में राजस्थान का नागौर न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे ये राज्य देश का सबसे ठंडा मैदानी इलाका रहा। 18-19 दिसंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तीव्र शीत लहर चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 18-19 दिसंबर को घने कोहरे के कारण अधिक ठंड की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हालांकि, 20 दिसंबर के बाद उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20-21 दिसंबर को बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। पंजाब के कुछ हिस्सों में 20-21 दिसंबर को हल्की बूंदाबांदी होने की चेतावनी दी गयी है।मौसम अधिकारियों ने बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में खराब मौसम के कारण 20 दिसंबर तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

अंडमान और निकोबार में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अगले 48 घंटे तक मध्य प्रदेश और उत्तराखंड शीत लहर की चपेट में रहने के आसार हैं। वहीं, तमिलनाडु के कुड्डालोर और रामनाथपुरम में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement