मप्र: भोपाल मेट्रो का शुभारंभ आज, केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मप्र: भोपाल मेट्रो का शुभारंभ आज, केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे उद्घाटन

Date : 20-Dec-2025

भोपाल, 20 दिसंबर । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज (शनिवार को) मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल भोपाल के कुशाभाऊ अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेन्टर में शाम 4 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुभाष मेट्रो स्टेशन पर हरी झण्डी दिखाकर मेट्रो को रवाना करेंगे। केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री मेट्रो में सवारी भी करेंगे। दोनों एम्स पहुंचकर प्रेस को संबोधित करेंगे। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे।

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एस. कृष्ण चैतन्य ने जानकारी देते हुए बताया कि मेट्रो के शुभारंभ के बाद रविवार, 21 दिसंबर से आम लोग इसमें सफर कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मेट्रो के प्रायोरिटी कारिडोर में कुल आठ स्टेशन हैं। मेट्रो के संचालन का समय और किराया तय कर दिया गया है। पहले चरण में भोपाल मेट्रो सुभाष नगर से एम्स तक संचालित की जाएगी। मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि, यात्रियों की संख्या और जरूरत को देखते हुए आगे चलकर समय में बदलाव किया जा सकता है। शुरुआती दौर में मेट्रो तीन कोच के साथ चलेगी। फिलहाल दिल्ली मेट्रो की तरह महिलाओं के लिए अलग से कोई कोच निर्धारित नहीं किया गया है।

राजधानी भोपाल में मेट्रो का परिचालन ऐतिहासिक पल

जनसम्पर्क अधिकारी मुकेश मोदी ने बताया कि देश के दिल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को एक और गौरव प्राप्त हो रहा है। भोपाल मेट्रो अत्याधुनिक रेल सेवा है। भोपाल मेट्रो 30.8 किलोमीटर लंबी परियोजना भोपाल के शहरी क्षेत्र को आसान, तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनायेगी। परियोजना में दो कॉरीडोर लाइन और एक डिपो है। भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन 16.74 किलोमीटर और ब्लू लाइन 14.16 किलोमीटर की है। यह परियोजना शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए यातायात के दवाब को कम करेगी और नागरिकों के जीवन स्तर को उन्नत बनायेगी। भोपाल मेट्रो आधुनिक परिवहन प्रणाली के साथ ही शहर की प्रगति का प्रतीक है। स्मार्ट, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देते हुए यह परियोजना आवाजाही को आसान बनाएगी। शुभारंभ के साथ भोपाल एक आधुनिक, हरित और सुलभ राजधानी बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है।

परियोजना का पहला चरण

भोपाल मेट्रो के पहले चरण ऑरेंज लाइन 'प्रायोरिटी कॉरीडोर' का शुभारंभ किया जा रहा है। लगभग 7 किलोमीटर के इस खंड में 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह स्टेशन एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केन्द्रीय विद्यालय एवं सुभाष नगर है। यह कॉरीडोर शहर के व्यस्त मार्गों पर सुगम यातायात उपलब्ध करेगा और प्रदूषण को कम करने में सहायता प्रदान करेगा। मेट्रो का यह कॉरीडोर नागरिकों की यात्रा को सरल और आसान बनाएगा।

परियोजना की लागत 10 हजार 33 करोड़ रूपये

भोपाल मेट्रो की अनुमानित लागत 10 हजार 33 करोड़ रुपये है। इसमें प्रायोरिटी कॉरीडोर की लागत 2 हजार 225 करोड़ रूपये है। प्रायोरिटी कॉरीडोर की लंबाई 7 किलोमीटर है और इस कॉरीडोर में प्रतिदिन 3 हजार लोगों के यात्रा करने का अनुमान है।

भोपाल मेट्रो की विशेषताएं

- सुविधाजनक यात्रा के लिये सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर।

- दिव्यांगजन के लिये सुगम प्रवेश, व्हील चेयर सुविधा, ब्रेल साइनेज।

- उच्च स्तर की सुरक्षा : एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और ग्रेड-4 सिग्निलिंग सिस्टम।

- पर्यावरण अनुकूल : रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग से ऊर्जा उत्पादन और सोलर पावर का उपयोग।

- आरामदायक कोच : पूर्णत: एसी, आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट।

- स्मार्ट तकनीक : ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली और हाई-टेक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement