प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक यूनिट ने जनता से सरकार से संबंधित संदिग्ध फर्जी खबरों और गलत सूचनाओं की रिपोर्ट करने की अपील की है। यह जानकारी कल राज्यसभा में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने दी।
उन्होंने बताया कि सरकार से जुड़े मामलों पर प्रसारित किसी भी खबर या सूचना के संबंध में शिकायत या फैक्ट चेक का अनुरोध व्हाट्सएप नंबर 8799711259, ईमेल के माध्यम से या पीआईबी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भेजा जा सकता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नवंबर 2019 में पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट की स्थापना की थी। इसका मुख्य उद्देश्य सरकार से संबंधित फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाना और जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराना है।
