एसआईआर के बीच साल की आखिरी राजनीतिक सभा, 30 दिसंबर को बड़जोड़ा में ममता | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

एसआईआर के बीच साल की आखिरी राजनीतिक सभा, 30 दिसंबर को बड़जोड़ा में ममता

Date : 22-Dec-2025

 कोलकाता, 22 दिसंबर । पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बीच तृणमूल कांग्रेस ने साल के अंत में एक बड़ी राजनीतिक सभा का फैसला किया है। तृणमूल सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 30 दिसंबर को बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा कॉलेज मैदान में जनसभा करेंगी।

तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा तो यह सभा वर्ष की आखिरी बड़ी राजनीतिक रैली होगी। हालांकि इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री किसी प्रशासनिक बैठक में शामिल होंगी या नहीं, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

मुख्यमंत्री की इस प्रस्तावित सभा को लेकर बांकुड़ा जिला तृणमूल में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिला नेतृत्व के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सोमवार को इस संबंध में एक अहम बैठक होने वाली है। पार्टी का लक्ष्य इस जनसभा में भारी जनसमर्थन जुटाने का है।

बड़जोड़ा क्षेत्र विष्णुपुर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट पर तृणमूल को मात्र पांच हजार वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था और भाजपा के सौमित्र खां विजयी हुए थे। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

दूसरी ओर, एक जनवरी को तृणमूल कांग्रेस का स्थापना दिवस भी है। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण इस बार स्थापना दिवस का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि बड़जोड़ा की सभा से ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आने वाले चुनावी संघर्ष की रूपरेखा और राजनीतिक संदेश साफ तौर पर रख सकती हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement