केंद्रीय बजट देश में घटती बेरोजगारी और केंद्र-राज्‍य की साझा विकास दृष्टि है : मोहन यादव | The Voice TV

Quote :

"खुद पर विश्वास करने की शक्ति ही हमें हर मुश्किल को पार करने की हिम्मत देती है।"

National

केंद्रीय बजट देश में घटती बेरोजगारी और केंद्र-राज्‍य की साझा विकास दृष्टि है : मोहन यादव

Date : 03-Feb-2026

 भोपाल, 03 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 देश में घटती बेरोजगारी और केंद्र-राज्‍य की साझा विकास दृष्टि है। प्रदेश में बेरोजगारी की दर घटकर मात्र 1.5 प्रतिशत रह गई है। यह आंकड़ा प्रदेश की आर्थिक सेहत को दर्शाता है।

प्रदेश की राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को केंद्रीय बजट पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी की दर का प्रतिशत यह भी संकेत देता है कि राज्य में रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से सुधार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और उद्योगों के विस्तार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और केंद्र सरकार का बजट “एक आत्मा, एक लक्ष्य” के सिद्धांत पर आधारित है। ये बजट राज्‍य और केंद्र के पूरक है और देश व प्रदेश को दीर्घकालिक विकास की दिशा में ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार, केंद्रीय बजट कागजी दस्तावेज न होकर भविष्य का ठोस रोडमैप है, जोकि निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट के पहले और बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, वे इसके प्रभाव को दर्शाती हैं। उन्होंने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की आर्थिक स्थिति ऐसी है कि उसे अमेरिका जैसे देशों से कर्ज लेने के लिए उनकी शर्तों को मानना पड़ता है, जबकि भारत आज अपनी नीतियों और संसाधनों के बल पर आगे बढ़ रहा है। यह अंतर भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और वैश्विक विश्वास का प्रमाण है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि इस बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है। बजट में 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए अगले 5 वर्षों में 5000 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। इससे शहरी बुनियादी ढांचे, परिवहन, आवास और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही छोटे शहरों और तीर्थ स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी बजट में अहम प्रावधान किए गए हैं। हर जिले में एक महिला छात्रावास के निर्माण से छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास मिलेगा। जिला अस्पतालों के उन्नयन से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। इसके अलावा क्लिनिकल ट्रायल स्थलों के विकास से मेडिकल रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा। बजट में केयर इकोसिस्टम पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे बुजुर्गों के इलाज और देखभाल के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी। गंभीर बीमारियों की दवाइयों के सस्ते होने से आम नागरिकों को सीधी राहत मिलेगी।

वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में सुधारों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका सीधा लाभ मध्य प्रदेश को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदेश को पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की सौगात दी गई है। इस परियोजना से लगभग 3 लाख लोगों को रोजगार और 6 लाख किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। यह पार्क विशेष रूप से मालवा-निमाड़ अंचल के लिए आर्थिक उछाल का माध्यम बनेगा और क्षेत्र को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा।

बजट में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया है। इससे ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने एमएसएमई सेक्टर को बजट का बड़ा लाभार्थी बताते हुए कहा कि औद्योगिक विकास से प्रदेश की जीडीपी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, केंद्रीय बजट और आगामी मध्य प्रदेश बजट राज्य को आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और सामाजिक संतुलन की दिशा में आगे ले जाने वाले सिद्ध होंगे। घटती बेरोजगारी, बढ़ता निवेश और केंद्र–राज्य का मजबूत समन्वय यह स्पष्ट संकेत देता है कि मध्य प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्‍होंने ये भी कहा कि ध्य प्रदेश सरकार का वर्ष 2026-27 का बहुप्रतीक्षित बजट आगामी 18 फरवरी को विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट से पहले प्रदेश की आर्थिक स्थिति, रोजगार के अवसरों और विकास की दिशा को लेकर सकारात्मक संकेत सामने आए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह केंद्रीय बजट आने वाले 10 वर्षों में भारत की विकास दिशा तय करेगा। रणनीतिक उत्पादों के निर्माण, अलग मालगाड़ी कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी जैसे प्रावधान व्यापार को नई गति देंगे। उन्होंने इसे डर से मुक्त टैक्स व्यवस्था की ओर बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को राहत देने वाला है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अलावा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे भारत की आर्थिक संप्रभुता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला बताया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement