हिमाचल में 17 फ़रवरी से बर्फबारी के आसार, ताबो सबसे ठंडा | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

हिमाचल में 17 फ़रवरी से बर्फबारी के आसार, ताबो सबसे ठंडा

Date : 12-Feb-2026

 शिमला, 12 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है और बुधवार को ज्यादातर इलाकों में धूप खिली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 16 फ़रवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 17 और 18 फ़रवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

राज्य में दिन के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है, हालांकि रात के तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर बना हुआ है। खासतौर पर जनजातीय जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई स्थानों पर पारा शून्य से नीचे बना हुआ है।

लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कुकुमसेरी में भी पारा -8.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में शीत लहर जैसे हालात बने हुए हैं।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। सुंदरनगर में 5.1, भुंतर में 3.5, कल्पा में 1.4, धर्मशाला में 5.2, ऊना में 7.2 और नाहन में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पालमपुर में 6.5, सोलन में 4.3, मनाली में 2.1, कांगड़ा और मंडी में 6.2-6.2, बिलासपुर में 7.0 और जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मैदानी इलाकों में सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा भी देखा गया। बिलासपुर में दृश्यता 50 मीटर और मंडी में 100 मीटर तक सीमित रही।

मौसम विभाग का कहना है कि 13 से 16 फ़रवरी तक अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। 17 और 18 फ़रवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इससे तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement