विजयेंद्र का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले– राज्य में स्वास्थ्य आपातकाल जैसे हालात | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

विजयेंद्र का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले– राज्य में स्वास्थ्य आपातकाल जैसे हालात

Date : 12-Feb-2026

 बेंगलुरु, 12 फरवरी । कर्नाटक के सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की कमी का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिमार कांग्रेस सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार की आलोचना करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि सरकार के कुप्रबंधन के कारण सरकारी अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाओं की भारी कमी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैरासिटामोल, इबुप्रोफेन और आईवी फ्लूइड जैसी बुनियादी दवाएं भी मरीजों को उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। करीब 496 आवश्यक दवाओं की कमी की जानकारी बेहद गंभीर है।

विजयेंद्र ने आगे आरोप लगाया कि गरीब और बीमार लोगों की देखभाल करने में विफल सरकार स्वार्थी राजनीतिक कार्यों में व्यस्त है। सरकार गरीबों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, दवाओं की आपूर्ति में विफल रही सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ‘जनऔषधि केंद्र’ योजना को बंद करने की साजिश रची थी। हालांकि, अब कर्नाटक स्टेट मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन ने आपूर्ति की कमी को दूर करने के लिए जनऔषधि योजना के तहत दवाएं खरीदने का प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने राज्य सरकार से तुरंत सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने और जनऔषधि केंद्रों के सुचारु संचालन में बाधा न डालने की मांग की है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement