जयपुर, 12 फ़रवरी। प्रदेश में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी तीन दिनों तक मौसम साफ रहने और तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हालांकि गुरुवार सुबह जयपुर सहित कई शहरों में बादल छाए रहे, लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश संभागों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और जोधपुर संभाग के सभी शहरों में आसमान साफ रहा। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र में हल्की धुंध और बादलों के कारण धूप कमजोर रही।
राज्य के 25 शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया, जिससे रात में सर्दी का असर कम महसूस हुआ। दिन के समय तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसके चलते कई शहरों में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है।
चित्तौड़गढ़ में बुधवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
राजधानी जयपुर और जोधपुर में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री और जोधपुर में 16.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा बाड़मेर में 15.6, डूंगरपुर में 15.1, जालोर व झुंझुनूं में 14.6, अजमेर में 14.9, भीलवाड़ा में 13.6, अलवर में 13.4 तथा जैसलमेर में 13.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया।
सवाई माधोपुर में बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में शीतलहर या तेज सर्दी की संभावना नहीं है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा।
