लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित

Date : 13-Feb-2026

 नई दिल्ली, 13 फ़रवरी। लोकसभा में बजट सत्र का पहला चरण शुक्रवार को संपन्न हो गया। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदन की कार्यवाही 9 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी। अब बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा, जो 2 अप्रैल तक चलेगा।

लोकसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल के सदस्यों ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसके चलते कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। जब 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने बताया कि कई सदस्यों ने कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है, जिसे नामंजूर कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम पुकारा। प्रधान ने अपने मंत्रालय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर सदन के पटल पर रखे। इसके बाद केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने अपने-अपने मंत्रालयों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर सदन के पटल पर रखे।

लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि औद्योगिक संबंध संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 को 12 फरवरी को राज्यसभा ने भी बिना किसी संशोधन के पारित कर दिया है। इससे पहले यह विधेयक लोकसभा में पारित हो चुका है। ।

इसके बाद पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदन की कार्यवाही 9 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी।

उल्लेखनीय है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को शुरू हुआ और 01 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया गया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement