वाराणसी, 13 फरवरी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राजातालाब क्षेत्र के गंजारी गांव में लगभग 450 करोड़ की लागत से बन रहे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की त्रिशूल मॉडल लाइटों को सड़क से देखकर लोग उत्साह से भर जा रहे हैं। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम उनके क्षेत्र में उन्नति लेकर आएगा। स्टेडियम में त्रिशूल मॉडल लाइट से अध्यात्म का प्रकाश होगा।
गंजारी निवासी अवधेश सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव वालों को क्रिकेट स्टेडियम में त्रिशूल दे दिया है। यह लाइट रूपी त्रिशूल गांव के किसी भी कोने से सीधा दिखता है। इसे देखकर गांव के बच्चे रोमांस से भर जाते हैं। कुछ बुजुर्ग तो हाथ जोड़कर त्रिशूल को प्रणाम भी करते हैं।
जानकारी के अनुसार सितंबर माह वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया था। यह स्टेडियम 30 एकड़ में बन रहा है, जिसमें 30 से 40 हजार दर्शक बैठ सकेंगे।भगवान शिव से प्रेरित डमरू और त्रिशूल थीम वाली संरचना और 14 पिचें यहां बनाई गई हैं। वर्ष 2026 के अंत तक यह पूरी तरह बनकर तैयार हो जायेगा।
