वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर सहित विभिन्न श्रेणियों में भर्ती अधिसूचना जारी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर सहित विभिन्न श्रेणियों में भर्ती अधिसूचना जारी

Date : 13-Feb-2026

 जयपुर, 13 फरवरी । मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने वर्ष 2027 के लिए भारतीय सेना में जेसीओ-ओआर रैंक के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में भर्ती की अधिसूचना जारी की है।

डिफेंस पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि भर्ती अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी), अग्निवीर ट्रेडसमैन (10वीं पास), अग्निवीर ट्रेडसमैन (8वीं पास), अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सेना पुलिस), सैनिक तकनीकी (नर्सिंग असिस्टेंट/नर्सिंग असिस्टेंट वेटनरी) और सिपाही फार्मा श्रेणी में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार अपनी पात्रता के आधार पर नियमित प्रवेश श्रेणियों के अतिरिक्त दो अग्निवीर श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। दो विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा तथा संबंधित दो सामान्य प्रवेश परीक्षाओं में सम्मिलित होना होगा। उच्च शारीरिक फिटनेस और चिकित्सा मानकों वाली श्रेणी के लिए एक भर्ती रैली और एक चिकित्सा परीक्षण आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन योग्यता के आधार पर होगा।

अधिसूचना की अवधि 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक Join Indian Army की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in

के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। सफलतापूर्वक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम जून 2026 में आयोजित किया जाएगा। प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 10 से 15 दिन पूर्व वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने बताया कि पिछले भर्ती वर्षों में राजस्थान राज्य से सर्वाधिक पंजीकरण प्राप्त हुए थे। युवाओं से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और स्वचालित बताया गया है तथा चयन योग्यता के आधार पर होगा। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement