सोनीपत, 13 फ़रवरी। हरियाणा
के खिलाड़ियों की बढ़ती उपलब्धियों के बीच सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन
मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी वर्ष 2030 में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल
खेलों में मजबूत प्रदर्शन करेंगे और आगामी ओलंपिक में भी अपनी सफलता दोहराएंगे। उन्होंने
कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है, जिससे हरियाणा
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल शक्ति के रूप में उभरा है।
गुरुवार
देर शाम गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव माहरा में महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती पर
आयोजित विशाल कबड्डी प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मंत्री ने खिलाड़ियों
का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों
में तेजी से प्रगति की है और खेल नीति को लेकर अन्य राज्य भी हरियाणा का अनुसरण कर
रहे हैं।
उन्होंने
बताया कि टोक्यो ओलंपिक में देश के 126 खिलाड़ियों में से 32 खिलाड़ी हरियाणा के थे।
देश को मिले सात पदकों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य
पदक जीते। इसी प्रकार ओलंपिक 2024 में देश के छह पदकों में से पांच पदक विजेता हरियाणा
से रहे। बीते 11 वर्षों में 16 हजार 500 खिलाड़ियों को 700 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार
दिए गए तथा 231 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं
की तैयारी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे युवा खिलाड़ियों का रुझान खेलों
की ओर बढ़ा है।
इस अवसर
पर गांव माहरा में 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन तथा 12 लाख रुपये की लागत
से बनने वाली ब्राह्मण चौपाल का शिलान्यास किया गया। साथ ही चौपालों की चारदीवारी,
खेल स्टेडियम में शेड निर्माण, बस स्टैंड से लोक निर्माण विभाग मार्ग तक नाला निर्माण
और तालाब की चारदीवारी जैसे कार्यों की शुरुआत की गई। खेल अकादमी में भी चारदीवारी
और शेड निर्माण की घोषणा की गई। आचार्य विजयपाल, संत अमरदास, बाबा राजेश नाथ, गजेंद्र
फौगाट, दीपक निवास हुड्डा, सुशील शास्त्री, सरपंच पवन मलिक, सतीश शास्त्री, जयभगवान
शर्मा, दिलावर, सुनील भारद्वाज, रामनारायण, सोनू कुहाड आदि उपस्थित रहे।
