पंजाब के खाद्य उद्योग की समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: तरुण चुग | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

पंजाब के खाद्य उद्योग की समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: तरुण चुग

Date : 13-Feb-2026

 नई दिल्ली, 13 फ़रवरी । पंजाब के चावल एवं आटा मिलरों और आढ़तियों के संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग के नेतृत्व में शुक्रवार को यहां उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और चावल के भंडारण के लिए स्थान की कमी, आढ़तियों के कमीशन से जुड़े मुद्दे तथा मिलिंग से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण चुनौतियों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा।

चुग ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ है और यहां के मिलर, आढ़ती तथा कृषि से जुड़े उद्यमी लंबे समय से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना आवश्यक है।

चुग ने कहा कि प्रह्लाद जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को इन मुद्दों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के चलते जल्द ही इन समस्याओं का संतोषजनक समाधान सामने आएगा, जिससे उद्योग को मजबूती मिलेगी और किसानों के हित भी सुरक्षित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार संवाद और सहयोग की भावना से कार्य करते हुए पंजाब के कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध है। चुग ने पंजाब की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुलाकात उद्योग जगत के लिए सकारात्मक और विश्वास बढ़ाने वाली रही है।

पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ ने कहा कि पंजाब के मिलरों, आटा उद्योग और आढ़तियों से जुड़े संगठनों की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सार्थक रहा है। केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन से उद्योग जगत में भरोसा मजबूत हुआ है और सभी संगठन इस मुलाकात से संतुष्ट हैं तथा केंद्र सरकार के सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त करते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement