नई दिल्ली, 13 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लोकसभा में आचरण को बेहद निंदनीय और अमर्यादित बताया है।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि संसद के बजट सत्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के आचरण से स्पष्ट है की वे संसद की मर्यादा, नियमावली को भी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि राहुल के इशारे पर ही कांग्रेस की महिला सांसदों ने 'खुराफात' किया।
राहुल जब भी विदेश जाते हैं तो भारत विरोधी काम करते हैं। विदेशों में राहुल का हमेशा से यही काम रहा है।प्रसाद ने कहा कि राहुल ने हमेशा ही सेना के मनोबल को कम करने का काम किया है। उन्होंने सेना को लेकर ऐसे-ऐसे बयान दिए हैं जिससे उनका मनोबल हमेशा कम हुआ है। पूर्व सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे की किताब के मामले में भी उन्होंने झूठ बोला। जब प्रकाशक और लेखक ने खुद ही बयान दिया कि किताब छपी नहीं तो संदेह कहां रह जाता है, फिर भी राहुल झूठा नैरेटिव बनाते रहे। संसद के अंदर झूठ बोलना, लोकतंत्र को कमजोर करते देखना बेहद पीड़ादायक है।भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी हिन्दुस्तान को जरा भी नहीं समझते। आज कल उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर डर लगने लगा है।
