सीएम के जनकल्याणकारी विजन का साकार रूप है कल्याण मंडपम | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

सीएम के जनकल्याणकारी विजन का साकार रूप है कल्याण मंडपम

Date : 13-Feb-2026

 गोरखपुर, 13 फ़रवरी  निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा ‘कल्याण मंडपम’, योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी विजन का साकार रूप है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर कल्याण मंडपम की श्रृंखला स्थापित की जा रही है, ताकि आमजन को सुलभ, सुव्यवस्थित और किफायती सुविधाएं मिल सकें। मात्र एक वर्ष के भीतर महानगर में चार कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है, जबकि पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। यह पहल विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहतकारी सिद्ध हो रही है, जो आर्थिक सीमाओं के कारण महंगे मैरिज हाउस का खर्च वहन करने में असमर्थ थे।

कल्याण मंडपम में आमजन को मैरिज हाउस जैसी आधुनिक और आवश्यक सुविधाएं-विशाल सभागार, स्वच्छ परिसर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं-उनके बजट के अनुरूप उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे सामाजिक आयोजनों का आर्थिक बोझ कम हो रहा है और प्रत्येक वर्ग को गरिमापूर्ण आयोजन का अवसर मिल रहा है। यह पहल सरकार की समावेशी और संवेदनशील विकास नीति का भी परिचायक है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

समाज के हर वर्ग के जीवन में सुगमता लाने के लिए योगी सरकार ने बीते करीब नौ सालों में इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर जनकल्याण तक कई पहल की है। कल्याण मंडपम की मुख्यमंत्री की परिकल्पना भी इसी कड़ी का हिस्सा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब दो साल पहले गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम को यह विजन दिया था कि वे निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को उनके मांगलिक आयोजनों के लिए कल्याण मंडपम बनाकर मैरिज हाउस का बेहतरीन विकल्प दें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कल्याण मंडपम का निर्माण शुरू हुआ। कल्याण मंडपम की पहल के साथ ही मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से धनराशि की व्यवस्था भी कराई।

फरवरी 2025 से लेकर फरवरी 2026 तक गोरखपुर में चार कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हो चुका है और पांचवें का लोकार्पण शनिवार (14 फरवरी) को जंगल तुलसीराम वार्ड के बिछिया मोहल्ले में होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने 13 फरवरी 2025 को खोराबार में 4.71 करोड़ रुपये की लागत से बने पहले कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया था। इसके बाद 6 जून को सूरजकुंड में 4.52 करोड़ रुपये से बने और 22 अगस्त को मानबेला में 2.65 करोड़ रुपये की लागत वाले और इसी दिन राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद में 85 लाख रुपये से बने कल्याण मंडपम को जनता को समर्पित किया था। बिछिया में शनिवार को जिस पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण होने जा रहा है वह 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बना है। जीडीए के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन बताते हैं कि जंगल बेनीमाधव, बशारतपुर, नकहा नंबर दो, महादेव झारखंडी टुकड़ा नम्बर दो और सेमरा में भी कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

300 लोगों की क्षमता वाला है बिछिया में बना कल्याण मंडपम

बिछिया में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 1120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का निर्माण कराया है। इस कल्याण मंडपम में 300 व्यक्तियों के विभिन्न कार्यक्रमों (विवाह, सामाजिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक उत्सव आदि) का आयोजन किया जा सकता है। कल्याण मंडपम में एक बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर, तथा महिलाओं एवं पुरुषों हेतु अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement