हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के आसार, शिमला की रातें कांगड़ा-ऊना से भी गर्म | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के आसार, शिमला की रातें कांगड़ा-ऊना से भी गर्म

Date : 14-Feb-2026

 
शिमला, 14 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से साफ चल रहे मौसम में अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को सक्रिय होने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।

विभाग का कहना है कि खासतौर पर शिमला, कुल्लू, चम्बा, लाहौल स्पीति और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि भारी हिमपात को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 19 और 20 फरवरी को फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान है।

राज्य में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है और जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पहाड़ी पर्यटन स्थल शिमला की रातें इस समय कई मैदानी और निचले इलाकों से अधिक गर्म दर्ज की जा रही हैं। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है। इसके विपरीत ऊना में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, कांगड़ा में 6.7 डिग्री, मंडी में 6.8 डिग्री और बरठीं में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन न्यूनतम तापमान में लगभग 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं कोहरे की स्थिति देखने को मिली। मंडी क्षेत्र में घना कोहरा भी दर्ज किया गया, जिससे दृश्यता कम रही।

शनिवार को राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सुंदरनगर 6.0 डिग्री, भुंतर 4.5 डिग्री, कल्पा –0.2 डिग्री, धर्मशाला 6.0 डिग्री, नाहन 9.9 डिग्री, पालमपुर 7.0 डिग्री, सोलन 4.4 डिग्री, मनाली 2.9 डिग्री, बिलासपुर 8.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 8.4 डिग्री, कुकुमसेरी –7.6 डिग्री, सीओबाग 2.5 डिग्री, कसौली 8.7 डिग्री, पांवटा साहिब 9.0 डिग्री, सराहन 4.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर 12.0 डिग्री, ताबो –6.6 डिग्री और नेरी में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। हालांकि अभी तक भारी बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है।

उल्लेखनीय है कि इस सर्दी के मौसम में 23 और 24 जनवरी को शिमला और मनाली में मौसम का पहला भारी हिमपात हुआ था। शिमला शहर में कई वर्षों बाद अच्छी बर्फबारी का दृश्य देखने को मिला था। इससे पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हुई थी। अब फरवरी के तीसरे सप्ताह में एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना ने मौसम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement