दांतन के जर्जर ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार को साढ़े 12 लाख की मंजूरी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दांतन के जर्जर ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार को साढ़े 12 लाख की मंजूरी

Date : 14-Feb-2026

 पश्चिम मेदिनीपुर, 14 फरवरी । जिले के दांतन दो नंबर ब्लॉक अंतर्गत खड़रुई क्षेत्र में वाम शासनकाल से जर्जर हालत में पड़े ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार के लिए राशि मंजूर कर दी गई है। राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने खड़रुई स्थित ऑडिटोरियम के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए लगभग साढ़े 12 लाख रुपये की राशि आवंटित की है।

शुक्रवार शाम को यह जानकारी दांतन-दो ब्लॉक पंचायत समिति के कार्याध्यक्ष तथा ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष शेख इफ्तेखार अली ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से यह ऑडिटोरियम बदहाल स्थिति में पड़ा था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में असुविधा हो रही थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2008 के आसपास वाम शासनकाल में ‘खुदीराम स्मृति भवन’ नाम से लगभग 300 सीटों वाला यह प्रेक्षागृह शुरू किया गया था। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद देखरेख के अभाव में भवन जर्जर होता चला गया। क्षेत्रवासियों की मांग थी कि भवन का पुनरुद्धार कर इसे पुनः उपयोग योग्य बनाया जाए। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा था।

शुक्रवार को दांतन दो नंबर ब्लॉक के बीडीओ अभिरूप भट्टाचार्य, पंचायत समिति के वन एवं भूमि विभाग के कार्याध्यक्ष शेख इफ्तेखार अली सहित अन्य अधिकारियों ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

राशि स्वीकृत होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि ऑडिटोरियम के पुनः संचालित होने से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement