मुख्यमंत्री ने डॉ. हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया, बोलीं- राष्ट्र प्रथम की भावना को देगी प्रेरणा | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

मुख्यमंत्री ने डॉ. हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया, बोलीं- राष्ट्र प्रथम की भावना को देगी प्रेरणा

Date : 14-Feb-2026

 नई दिल्ली, 14 फ़रवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शाहदरा के डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पहले सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का शनिवार को अनावरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने जो विचार और लक्ष्य शुरू किया था, वह आज मजबूत और विशाल संगठन के रूप में देश सेवा कर रहा है। व्यक्ति निर्माण के जरिए समाज को संगठित करने का उनका मार्ग आज भारत के सांस्कृतिक जागरण की मजबूत नींव बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में लगी यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना की प्रेरणा देती रहेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, विश्वास नगर के विधायक ओम प्रकाश शर्मा, लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा, शाहदरा के विधायक संजय गोयल, कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल की बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसके विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां नई मंजिल बनाई जाएगी और आधुनिक चिकित्सा मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि संस्थान में जो भी कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विस्तार के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर काम जल्द शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनापार की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, इसके लिए मजबूत और व्यवस्थित हेल्थ नेटवर्क बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के एक साल के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कवर को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के लिए ‘वय वंदन योजना’ की शुरुआत की गई है। अब तक 7 लाख से अधिक नागरिक इस योजना में पंजीकृत हो चुके हैं और लगभग 30,000 लोगों को उपचार का लाभ मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जा चुके हैं और 1100 केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों को पूर्ण रूप से डिजिटल किया जा चुका है। अब प्रत्येक मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड उपलब्ध है, ऑनलाइन ओपीडी अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है और किसी भी अस्पताल में उपचार का पूरा इतिहास एक क्लिक में देखा जा सकता है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा, बल्कि उपचार प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित होगी। पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा के कारण कई अस्पतालों में आवश्यक मशीनों का अभाव था, लेकिन वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। जीबी पंत अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैनर, न्यूरो लैब और न्यूरो आईसीयू जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि आज डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान कड़कड़डूमा में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण हम सबके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। जिस अस्पताल का नाम उनके आदर्शों पर आधारित हो और वहां उनके जीवन एवं योगदान का कोई प्रतीक चिन्ह न हो, यह निश्चित रूप से एक कमी थी। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर तुरंत संज्ञान लेकर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया। उनकी यह प्रतिमा ‘राष्ट्र प्रथम से राष्ट्र निर्माण’ के उनके संदेश को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

उन्होंने कहा कि हमारे पथप्रदर्शक डॉ. हेडगेवार ने 1915 में चिकित्सा शिक्षा पूर्ण करने के बावजूद निजी पेशे के स्थान पर राष्ट्रसेवा का मार्ग चुना और 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर राष्ट्रनिर्माण की एक सशक्त विचारधारा को जन्म दिया। आज उन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। एक वर्ष के भीतर 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement