मध्‍य प्रदेश में 18-19 फरवरी को बदलेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बारिश की चेतावनी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

मध्‍य प्रदेश में 18-19 फरवरी को बदलेगा मौसम, वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बारिश की चेतावनी

Date : 15-Feb-2026

 भोपाल, 15 फरवरी मध्‍य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के असर से 18 और 19 फरवरी को मध्य प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्से, यानी ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के 8 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं। इन जिलों से लगे क्षेत्रों में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया‍ क‍ि फिलहाल एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है, हालांकि इसका प्रभाव पहाड़ी राज्यों तक ही सीमित है, जहां बर्फबारी हो रही है। मध्य प्रदेश में फिलहाल कहीं-कहीं हल्के बादल दिखाई दे रहे हैं। 16 फरवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर एमपी पर भी पड़ने की संभावना है। यदि यह सिस्टम सक्रिय होकर असर दिखाता है तो फरवरी में यह तीसरा मौका होगा, जब प्रदेश में बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

प्रदेश में फिलहाल हल्की ठंड का दौर बना हुआ है। रात और सुबह के समय ठंड महसूस हो रही है, जबकि अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। वहीं दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच सकता है। शनिवार की रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों में पारा 10 डिग्री से अधिक रहा। पांच बड़े शहरों में भोपाल में 14.2 डिग्री, इंदौर में 13.6 डिग्री, ग्वालियर में 12.8 डिग्री, उज्जैन में 15.7 डिग्री और जबलपुर में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कटनी के करौंदी, सतना के चित्रकूट, शहडोल के कल्याणपुर, छतरपुर के नौगांव और रीवा में तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन दिन में बादल छा सकते हैं। 17 फरवरी को भी कुछ इलाकों में हल्का कोहरा रहेगा। इस दिन भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, हालांकि आसमान में बादल बने रहेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement